ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बैढ़न बस स्टैंड से गायब 2 वर्षीय बालिका की सकुशल बरामदी, आरोपी झारखंड से गिरफ्तार

36 घंटे की सतत कार्रवाई के बाद परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

सिंगरौली। थाना बैढ़न क्षेत्र के बस स्टैंड से 2 वर्षीय बालिका मनीषा सिंह के अपहरण की गंभीर घटना का समाधान करते हुए सिंगरौली पुलिस ने मात्र 36 घंटे में बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द किया। बालिका के अपहरण के आरोपी विनोद महतो को झारखंड के मासीआतो गांव से गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, 15 मई की रात फरियादी अर्जुन सिंह अपनी पुत्री मनीषा के साथ बस स्टैंड बैढ़न में सो रहे थे। अचानक बच्ची लापता हो गई। तुरंत थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 582/2026 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष एसआईटी गठित की गई, जिसमें करीब 150 पुलिसकर्मी लगाकर बच्ची की तलाश की गई।

सघन जांच में जिले के सभी थाने, सीमावर्ती राज्यों के थाने, 200 सीसीटीवी कैमरे, ऑटो और बस चालकों से पूछताछ, सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर और फोटो-पम्पलेट का उपयोग किया गया। मुखबिर सूचना के आधार पर बच्ची को झारखंड ले जाने का सुराग मिला।

पुलिस टीमों ने झारखंड रवाना होकर आरोपी और बालिका का पता लगाया। आरोपी को गिरफ्तार कर बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बैढ़न निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक पवन सिंह, सीसीटीवी प्रभारी सउनि पप्पू सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारियों और आरक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज के.एम. ने बताया कि यह कार्रवाई “मुस्कान अभियान” के तहत संवेदनशील और प्रभावी प्रयास का उदाहरण है, जिसमें तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और समन्वित टीम कार्य के माध्यम से बालिका को सुरक्षित पाया गया।

Author

Related Articles

Back to top button