एनएच-39 में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

सिंगराैली- कांग्रेस के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी राजेश सिंह तथा कांग्रेस के वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अभ्युदय सिंह (डैनी) ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सिंगरौली-सीधी नेशनल हाईवे-39 के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों से सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सड़क की स्थिति आज भी बदहाल बनी हुई है।
राजेश सिंह ने आरोप लगाया कि एनएचएआई द्वारा पहले 14 करोड़ 50 लाख रुपये का रिपेयर टेंडर जारी किया गया था, जिसे बाद में संशोधित कर लगभग 28 करोड़ 30 लाख रुपये कर दिया गया। उन्होंने कहा कि टेंडर की शर्तें इस प्रकार तैयार की गई हैं कि उसका लाभ एक विशेष कंपनी को मिल सके। उन्होंने दावा किया कि बैच मिक्स प्लांट की अनिवार्यता जैसी शर्तें केवल तिरुपति बिल्डकॉन को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से रखी गई हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 15-16 वर्षों में इस सड़क पर लगभग 16 से 17 सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है। राजेश सिंह ने आरोप लगाया कि एमपीआरडीसी के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से यह सड़क भ्रष्टाचार का केंद्र बन गई है।
वहीं अभ्युदय सिंह (डैनी) ने कहा कि यह सड़क पिछले 12-13 वर्षों से निर्माणाधीन है और इस दौरान कई कंपनियों को ठेका दिया गया, लेकिन इसके बावजूद सड़क पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हर वर्ष सिंगरौली महोत्सव पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या एनएच-39 की बदहाल स्थिति बनी हुई है। डैनी ने कहा कि जब तक सड़क का निर्माण सही तरीके से नहीं होता, तब तक विकास के दावे खोखले हैं।
अभ्युदय सिंह डैनी ने आरोप लगाया कि एनएचएआई को सड़क हस्तांतरित होने के बाद भी करोड़ों रुपये के रिपेयर टेंडर जारी किए जा रहे हैं, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका और मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि यदि तिरुपति बिल्डकॉन को एक ने ब्लैकलिस्ट किया है लेकिन दूसरे की प्रक्रिया में वह अब भी पात्र है तो यह केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय की कमी और प्रशासनिक खींचतान को दर्शाता है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी जल्द ही सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन और चक्का जाम करेगी।













