कलेक्टर ने 275 आवेदनों पर की जनसुनवाई, मौके पर ही किया कई समस्याओं का निराकरण

सिंगरौली, /सिंगरौली जिले के विभिन्न अंचलों से आए नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने उपस्थित होकर कुल 275 आवेदकों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों से कई आवेदनों का तुरंत समाधान कराया। जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें और समस्याएं विद्युत व्यवस्था से संबंधित रहीं, जिसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था में तत्परता के साथ सुधार करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही, कुछ आवेदनकर्ताओं द्वारा विस्थापन से संबंधित समस्याओं के आवेदन भी प्रस्तुत किए गए, जिनके संबंध में कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमों के दायरे में रहकर आवेदकों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाने और नियमानुसार त्वरित निराकरण करने की हिदायत दी।
इस महत्वपूर्ण साप्ताहिक जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और आवेदनों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिले का पूरा वरिष्ठ प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव, डिप्टी कलेक्टर माइकेल तिर्की सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, ताकि जनता की समस्याओं को बिना किसी प्रशासनिक देरी के मौके पर ही सुलझाया जा सके।













