बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर गौरव बैनल ने गौ सेवा संस्थान आश्रय स्थल का किया निरीक्षण

घायल पशुओं की देखभाल व्यवस्था का लिया जायजा, भीषण गर्मी को देखते हुए कूलर और स्प्रिंकलर लगाने के दिए निर्देश

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने बुधवार को जिला पशु चिकित्सालय परिसर स्थित गौ सेवा संस्थान आश्रय स्थल का निरीक्षण कर वहां संचालित पशु रेस्क्यू, उपचार एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रय स्थल में घायल गायों, कुत्तों एवं बिल्लियों की देखभाल व्यवस्था को करीब से देखा तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आश्रय स्थल को जिले के मॉडल पशु आश्रय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक सुधार और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि घायल और बेसहारा पशुओं के उपचार एवं संरक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने पशुओं को राहत पहुंचाने के लिए तत्काल दो कूलर उपलब्ध कराने और शेड में वाटर स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पशुओं के स्वास्थ्य और आराम का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने गौ सेवा संस्थान द्वारा किए जा रहे पशु कल्याण कार्यों की सराहना की और संस्था को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्वयंसेवकों की सेवा भावना की भी प्रशंसा की।
गौ सेवा संस्थान की टीम ने कलेक्टर को आश्रय स्थल में संचालित सेवाओं, घायल पशुओं के उपचार, रेस्क्यू अभियान और पुनर्वास कार्यों की जानकारी दी। संस्था की ओर से जिला प्रशासन द्वारा मिल रहे सहयोग और संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर श्रीमती उषा सिंह, सुरेन्द्र लोहिया, गौ सेवा संस्थान के स्वयंसेवक तथा पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button