भाजपा नेत्री से 2.50 करोड़ की ठगी और दुष्कर्म का मामला, रांची से गिरफ्तार हुआ कारोबारी संजय सिंह

बिलासपुर (छत्तीसगढ़):बिलासपुर की एक भाजपा नेत्री के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मुख्य आरोपी और झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
निवेश का झांसा देकर फंसाया
पीड़ित भाजपा नेत्री सिविल लाइन क्षेत्र की निवासी हैं। शिकायत के अनुसार, करीब दो साल पहले दिल्ली में उनकी मुलाकात संजय सिंह से हुई थी। खुद को बड़ा माइनिंग कारोबारी बताकर संजय ने महिला को व्यापार में साझेदारी और मोटे मुनाफे का झांसा दिया। आरोपी के बहकावे में आकर भाजपा नेत्री ने अलग-अलग किश्तों में आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये का निवेश किया।
दुष्कर्म के बाद ब्लैकमेलिंग का खेल
पीड़िता का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का गलत फायदा उठाया। सितंबर 2025 में दिल्ली में उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए महिला को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब महिला ने अपने निवेश किए हुए पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उल्टे उसे ब्लैकमेल कर अवैध वसूली की मांग शुरू कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर भाजपा नेत्री ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
साक्ष्यों की जांच: पुलिस मामले से जुड़े मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक लेनदेन और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
रांची में दबिश: बिलासपुर पुलिस की टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए झारखंड में दबिश दी और अंततः रांची से संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि ठगी गई रकम और इस अपराध में शामिल अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके। इस घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है।













