ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

NCC कैंप में फूड पॉइजनिंग का कहर; पनीर खाने के बाद 50 कैडेट्स बीमार, 7 ICU में भर्ती, मचा हड़कंप

जबलपुर:शहर के डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम (IIITDM) परिसर में चल रहे NCC प्रशिक्षण शिविर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 50 से अधिक कैडेट्स अचानक बीमार पड़ गए। शिविर में परोसे गए पनीर की सब्जी खाने के बाद बच्चों को चक्कर, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि 7 कैडेट्स को आईसीयू (ICU) में भर्ती करना पड़ा, जबकि कुल 20 छात्राएं और एक छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है।

भीषण गर्मी में जारी थी ट्रेनिंग
मध्य प्रदेश आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी द्वारा 14 मई से 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-98) आयोजित किया जा रहा है। इसमें जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, कटनी समेत कई जिलों के करीब 450 कैडेट्स शामिल हैं। आरोप है कि 43 डिग्री तापमान और भीषण लू के बावजूद बच्चों को लगातार धूप में ट्रेनिंग दी जा रही थी। पीड़ित कैडेट्स का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण पहले ही कई बच्चे कमजोर हो चुके थे और रात के भोजन (पनीर की सब्जी) के बाद उनकी तबीयत पूरी तरह बिगड़ गई।

परिजनों का अस्पताल में हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह से ही अपने बच्चों को लेने के लिए परिजनों का तांता लग गया। अस्पताल में परिजनों ने अव्यवस्थाओं को लेकर भारी हंगामा किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संभागायुक्त (कमिश्नर) ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

प्रशासन की सफाई, पुलिस कर रही जांच
स्वास्थ्य विभाग का तर्क: सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी का कहना है कि प्राथमिक तौर पर भीषण लू (Heat Wave) को बीमारी की वजह माना जा रहा है, हालांकि फूड पॉइजनिंग की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

पुलिस की कार्रवाई: सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि फूड पॉइजनिंग और ट्रेनिंग के दौरान बरती गई लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अभी कई बच्चे डरे हुए हैं, जिसके चलते उनसे पूछताछ में कठिनाई आ रही है।

फिलहाल, अस्पताल में बच्चों की निगरानी के लिए डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है। पीड़ित छात्रों और उनके परिजनों ने मांग की है कि यदि खाने की गुणवत्ता या ट्रेनिंग शेड्यूल में लापरवाही हुई है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Author

Related Articles

Back to top button