रंगभेद पर छलका अभिनेत्री Ulka Gupta का दर्द, बोलीं- “Only Fair Kids” लिखकर कर देते थे रिजेक्ट

मुंबई। टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में रंगभेद और सुंदरता के तय मानकों को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है। अभिनेत्री Ulka Gupta ने अपने शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए खुलासा किया कि बचपन में उन्हें केवल सांवले रंग की वजह से कई बार ऑडिशन से बाहर कर दिया जाता था। उन्होंने बताया कि उस दौर में इंडस्ट्री में गोरी त्वचा को लेकर इतना जुनून था कि कई जगह साफ तौर पर “Only Fair Kids” लिखकर ऑडिशन लिए जाते थे।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उल्का गुप्ता ने कहा कि एक चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर वह अलग-अलग भूमिकाओं के लिए ऑडिशन देने जाती थीं, लेकिन कई बार केवल रंग के कारण उन्हें मौका तक नहीं दिया जाता था। उन्होंने बताया कि वह अंधेरी और वर्ली जैसे इलाकों तक लंबा सफर तय कर ऑडिशन देने पहुंचती थीं, लेकिन वहां जाकर पता चलता था कि मेकर्स केवल गोरे बच्चों की तलाश कर रहे हैं।
अभिनेत्री ने कहा कि लगातार रिजेक्शन मिलने के बाद वह कई बार रो पड़ती थीं और कास्टिंग टीम से कम से कम ऑडिशन देने का मौका देने की गुजारिश करती थीं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि कई मेकअप आर्टिस्ट उनकी त्वचा से दो-तीन शेड हल्का फाउंडेशन इस्तेमाल करते थे, जिससे उन्हें बेहद असहज महसूस होता था।
Jhansi Ki Rani में बाल रानी लक्ष्मीबाई “मनु” का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुईं उल्का ने कहा कि टीवी इंडस्ट्री में लंबे समय तक गोरी त्वचा को ही “ग्लैमरस” माना जाता रहा। यही कारण था कि कई बार उन्हें कम उपयुक्त समझा गया।
उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर मनोरंजन जगत में रंगभेद और सुंदरता के मानकों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कई लोगों ने अभिनेत्री के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इंडस्ट्री की उस सच्चाई को सामने रखा है, जिससे कई कलाकार गुजरते हैं।
उल्का गुप्ता ने अपने करियर की शुरुआत 2006 में Saat Phere – Saloni Ka Safar से की थी। इसके बाद वह Devon Ke Dev…Mahadev, Banni Chow Home Delivery और Dhruv Tara – Samay Sadi Se Pare जैसे कई चर्चित धारावाहिकों में नजर आईं।
फिल्मों में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। वह Rudhramadevi और The Kerala Story 2 में अपने अभिनय को लेकर चर्चा में रहीं। अब वह अपनी आगामी फिल्म Rajni Ki Baraat की रिलीज का इंतजार कर रही हैं, जो 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।













