सीएम डॉ. मोहन यादव पहुंचे सिंगरौली, हुआ जोरदार स्वागत
आदिवासी कलाकारों के साथ ढोलक बजाकर किया नृत्य, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया भूमिपूजन

सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार को सिंगरौली पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर एनसीएल ग्राउंड बिलौजी स्थित हेलीपैड पर उतरा।
हेलीपैड पर संभागायुक्त बीएस जामोद एवं पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री संपतिया उईके, सीधी सांसद, सिंगरौली, देवसर एवं चितरंगी के विधायक सहित पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वागत कार्यक्रम के दौरान आदिवासी कलाकारों के बीच पहुंचकर ढोलक बजाई और पारंपरिक नृत्य में भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री का यह अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने एनसीएल ग्राउंड में बनने जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विधिवत भूमिपूजन किया। जानकारी के अनुसार करीब 11 करोड़ 55 लाख 80 हजार रुपये की लागत से बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एनसीएल के सीएसआर मद से तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के विकास और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में इस परियोजना को महत्वपूर्ण बताया। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण को जिले के लिए बड़ी सौगात बताया है।













