बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पिता पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

पैसे देने से इनकार करने पर पेट में किए थे कई वार, नवानगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश

सिंगरौली। निगाही परियोजना क्षेत्र में पैसे देने से इनकार करने पर अपने पिता पर चाकू से हमला करने के आरोपी युवक को नवानगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी जब्त किया है। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे आरोपी करन भारती (साकेत) उर्फ पवन उर्फ चीका साकेत (23), निवासी एमक्यू-608, सेक्टर नंबर 08, निगाही परियोजना, ने अपने पिता बसंत राम साकेत से पैसे मांगे। पिता के इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर से चाकू लाकर पिता के पेट में कई वार कर दिए। हमले में बसंत राम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना पर पुलिस ने धारा 109(1), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और सीएसपी विंध्यनगर हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद घटना में इस्तेमाल चाकू जब्त कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में नवानगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पाठक, उपनिरीक्षक सूर्यपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक रिकेश सिंह, मुनेन्द्र राणा, आरक्षक दीपक यादव, प्रशांत सिंह, विक्की शर्मा, वीर बहादुर सिंह, अखिलेश कुमार और सुरेश परस्ते की सराहनीय भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button