बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का समापन, सत्यनिष्ठा पर जोर

कोल इंडिया के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा- देश की ऊर्जा सुरक्षा में एनसीएल का अमूल्य योगदान

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में एनसीएल सहित कोल इंडिया का अमूल्य योगदान है। उन्होंने कर्मचारियों से निर्भीक होकर सही निर्णय लेने और पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

त्रिपाठी ने कहा कि नेतृत्व आचरण और कार्यशैली से स्थापित होता है। कार्यस्थल पर ऐसा वातावरण जरूरी है, जहां प्रत्येक कर्मचारी बिना भय अपनी बात रख सके। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होती है। जिस तरह हम अपनी मां का सम्मान और संरक्षण करते हैं, उसी तरह कंपनी का संरक्षण करना भी हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कोल इंडिया की जीरो टॉलरेंस नीति और ‘रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म, इन्फॉर्म’ मंत्र का उल्लेख किया।

एनसीएल के सीएमडी एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के कार्य, निर्णय और व्यवहार में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा नैतिकता होनी चाहिए। सही निर्णय लेने में भय नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार के प्रति भय होना चाहिए। निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार ने सतर्कता को दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि एनसीएल में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर सप्ताह आयोजित हुआ। समापन समारोह में ई-सतर्कता विशेषांक और एसओपी संकलन का विमोचन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में सीवीओ अजय कुमार जायसवाल सहित अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button