बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सुरों, लोक संस्कृति और उत्साह के संग यादगार बना सिंगरौली महोत्सव 2026 का समापन

भूमि त्रिवेदी की धमाकेदार प्रस्तुति और स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रतिभा ने बांधा समां

सिंगरौली। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘सिंगरौली महोत्सव एवं नगर गौरव दिवस 2026’ का अंतिम दिन सुरमयी शाम, लोक संस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे सिंगरौली को संगीत और कला के रंग में रंग दिया। स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी आकर्षण बॉलीवुड की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका Bhumi Trivedi रहीं, जिन्होंने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से मंच पर समां बांध दिया। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

वहीं सिंगरौली के लोकप्रिय गायक अनिल श्रीवास्तव ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं का दिल जीत लिया। उन्होंने “एक हसीना थी एक दीवाना था”, “ओ मेरे दिल के चैन” और “मेरे सामने वाली खिड़की में एक चाँद का टुकड़ा रहता है” जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को यादगार बना दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

लोक संस्कृति और सामाजिक संदेशों की भी झलक
कार्यक्रम की शुरुआत रितिका जायसवाल के राजस्थानी नृत्य से हुई, जिसमें राजस्थान की सांस्कृतिक भव्यता देखने को मिली। इसके बाद श्वेती पाण्डेय और अंशुमान मिश्रा समूह ने बघेलखंडी एवं अन्य आंचलिक लोकगीतों के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की सोंधी महक बिखेरी।
पल्लवी समूह ने “जोही कोखे बेटा जन्मे, ओही कोखे बिटिया” जैसे मार्मिक गीत प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। वहीं मुस्कान पटेल की सूफी गायकी ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। दीपक कुमार पासवान और बलविंदर सिंह ने पंजाबी और सुगम संगीत के मिश्रण से युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

देर रात तक गूंजते रहे सुर और ताल
देर रात तक चले इस सांस्कृतिक महाकुंभ ने सिंगरौली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नया मंच प्रदान किया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से यह साबित कर दिया कि क्षेत्र की प्रतिभाएं किसी भी मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
समापन अवसर पर सिंगरौली विधायक Ramniwas Shah, नगर निगम अध्यक्ष Devesh Pandey, कलेक्टर Gaurav Benal, श्रीमती ममता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक Siyaz K. M. तथा भाजपा जिला अध्यक्ष Sunder Lal Shah सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button