बरगवाँ रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से जारी, सांसद राजेश मिश्रा ने किया निरीक्षण

सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद राजेश मिश्रा ने सोमवार को बरगवाँ में निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों से निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की और कार्य की गुणवत्ता एवं गति पर संतोष व्यक्त किया।
सांसद ने बताया कि बरगवाँ रेलवे स्टेशन में जबलपुर मंडल का सबसे बड़ा फुट ओवर ब्रिज बनकर तैयार हो चुका है। इसके साथ ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है, जिसे शीघ्र ही क्षेत्र की जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन के निर्माण कार्य की प्रगति देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई है और यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुंदर शाह, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, नरेश शाह सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं रेलवे विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने निर्माण कार्यों का अवलोकन कर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने पर बल दिया।स्थानीय नागरिकों का मानना है कि रेलवे स्टेशन के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र के आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।













