जे.पी.वी.एल. निगरी में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस-2026

सिंगरौली। जे.पी. निगरी सुपर थर्मल पावर प्लांट एवं सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट, निगरी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 का आयोजन उत्साह एवं जागरूकता के साथ किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर प्लांट के ओ एंड एम हेड मयंक झालावड़िया ने वर्ष 2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी कर्मचारियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने एवं संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई।
प्लांट प्रशासन एवं इनवायरमेंट सेल द्वारा “लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरनमेंट (LiFE)” मिशन के तहत 1 जून से 5 जून 2026 तक पर्यावरण जन-जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्लांट परिसर के प्रमुख स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण संबंधी बैनर लगाए गए। ई-वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ई-व्हीकल रैली निकाली गई, वहीं स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साइकिल रैली का भी आयोजन किया गया।
इसके अलावा आर एंड आर कॉलोनी तथा कर्मचारियों के बीच ऊर्जा संरक्षण के उद्देश्य से एलईडी बल्ब वितरित किए गए। एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के प्रयोग को समाप्त करने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं के बीच पर्यावरण जागरूकता विषय पर स्लोगन लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को प्लांट परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।कार्यक्रम में मयंक झालावड़िया, एस.एन. दुबे, घनश्याम गर्ग, एस.के. पाणिग्रही, नदीम अहमद खान तथा इनवायरमेंट सेल से एन.के. सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत एवं हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया तथा सभी से प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।













