ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 ट्रक चालकों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई, 55 हजार रुपये का जुर्माना

 

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 एवं 8 जून 2026 की मध्यरात्रि को यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाकर पांच ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना यातायात पुलिस की टीमों ने निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा एवं पुराना ट्रैफिक तिराहा क्षेत्र में चेकिंग अभियान संचालित किया।अभियान के दौरान लगभग 43 वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन प्रभावित होता है और वाहन पर नियंत्रण कम हो जाता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।जांच के दौरान पांच ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने संबंधित वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा पांचों मामलों में कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। शेष मामलों का निराकरण आगामी दिनों में किया जाएगा।यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पिछले वर्षों की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित किए जाने हेतु प्रस्ताव जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

Author

Related Articles

Back to top button