बिना सूचना आटा चक्की गिराने का आरोप, परिवार हुआ बेघर
कलेक्टर से न्याय की गुहार, प्रशासन पर उठे सवाल

सिंगरौली, 09 जून 2026। जिले के जयन्त इन्दिरा मार्केट क्षेत्र में एक परिवार ने बिना पूर्व सूचना के उनकी आटा चक्की गिराए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपा है। पीड़ित विनोद कुमार यादव और चंचला यादव ने बताया कि उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन आटा चक्की को प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अचानक तोड़ दिया गया, जिसके बाद पूरा परिवार बेघर हो गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार उनकी आटा चक्की सीडब्ल्यूएस कॉलोनी में वर्ष 1986 से स्वीकृत और संचालित थी, जिससे वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार का कहना है कि यह चक्की ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन थी।
घटना 08 जून 2026 की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आवास क्रमांक MQ-425 के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, जिसमें तहसीलदार, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी मौजूद थे।
आरोप है कि प्रशासन की मौजूदगी में कुछ व्यक्तियों ने मिलकर आटा चक्की को गिरा दिया, जिससे मशीन और अन्य सामान को भारी नुकसान हुआ। इसके साथ ही लगभग 12,000 रुपये का भूसा भी नष्ट हो गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद वे अपने बच्चों के साथ रात भर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हुए।परिवार ने कलेक्टर से आटा चक्की पुनः बनवाने, आर्थिक क्षतिपूर्ति दिलाने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच और उचित न्याय की गुहार लगाई गई है।













