अमलोरी बस्ती में सड़क और नाली निर्माण की मांग तेज

अमलोरी बस्ती में सड़क और नाली निर्माण की मांग ते
वार्ड-45 की निवासी ने नगर निगम आयुक्त को सौंपा आवेदन
बरसात में जलभराव और आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 45, पोड़ी नौगढ़ स्थित अमलोरी बस्ती में सड़क एवं नाली निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासी रीता शाह ने नगर निगम आयुक्त को आवेदन सौंपा है। आवेदन में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का उल्लेख करते हुए शीघ्र निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की गई है।
आवेदन के अनुसार अमलोरी बस्ती में अब तक सड़क और नाली का समुचित निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में नाली के अभाव में वर्षा का पानी सड़कों पर बहता है और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे ग्रामीणों के दैनिक जीवन के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित होता है।
आवेदिका रीता शाह ने बताया कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से गांव में पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सड़क एवं नाली निर्माण कार्य जल्द से जल्द कराया जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए समस्या के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई है।













