बाइक-ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

सिंगरौली। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बरगवां थाना क्षेत्र के बेटहाड़ाड़ तिराहा से लगभग 100 मीटर पहले नेशनल हाईवे-39 पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बाइक के बीच हुई भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौराखोह निवासी सीताराम पाल बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए।
युवक की मौत से नाराज लोगों ने नेशनल हाईवे-39 पर चक्काजाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक करीब एक घंटे से अधिक समय से सड़क जाम रहा, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने और यातायात बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।













