ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग बालिका को गुजरात से सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान के तहत निवास चौकी पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को गुजरात से सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस कार्रवाई को महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति सिंगरौली पुलिस की संवेदनशीलता और सक्रियता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी निवास, थाना सरई में अपराध क्रमांक 306/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत 7 मई 2026 को मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से पुलिस द्वारा बालिका की लगातार तलाश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी एवं थाना प्रभारी राकेश साहू की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान चौकी निवास पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और बालिका की लोकेशन का पता लगाया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गुजरात राज्य के सूरत जिले के कतारगाम थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक त्रिवेणी पाल, मार्तंड सिंह, आरक्षक प्रभात कुमार दुबे, मोहित सिंह, महिला आरक्षक कमला द्विवेदी तथा साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













