12 घंटे के भीतर सकुशल मिला गायब बालक, सिंगरौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई सफल

सिंगरौली। जिले के सरई थाना अंतर्गत निवास चौकी पुलिस ने एक 10 वर्षीय अपहृत बालक को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते बालक को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बंजारी निवासी फरियादिया ने चौकी निवास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसका 10 वर्षीय नाती 8 जून की शाम घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने दो दिनों तक अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर थाना सरई में अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। बालक की सकुशल बरामदगी के लिए चौकी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर सघन तलाश अभियान चलाया गया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि बालक मेमू ट्रेन में बैठकर कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और परिजनों को ट्रेन के पीछे रवाना किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जोबा रेलवे स्टेशन के पास मेमू ट्रेन से बालक को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक द्वारा संचालित “मुस्कान अभियान” के तहत सिंगरौली पुलिस की संवेदनशील और प्रभावी कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है। इस सफलता में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सूरज सिंह, एएसआई मार्तंड सिंह, प्रधान आरक्षक अमरजीत पाल तथा आरक्षक सतेंद्र पांडे और प्रवीण पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













