कैलाश एजेंसी के गोदाम में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका

सिंगरौली। जिले के सरई तहसील अंतर्गत निवास क्षेत्र में स्थित कैलाश बजाज एजेंसी के मोटरसाइकिल गोदाम में मंगलवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से गोदाम में खड़ी कई नई मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के समीप सीधी-सरई मुख्य मार्ग पर स्थित एजेंसी के गोदाम से रात करीब 8 से 9 बजे के बीच धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना गोदाम संचालकों और पुलिस को दी। जब शटर खोलकर देखा गया तो अंदर आग तेजी से फैल चुकी थी और मोटरसाइकिलें उसकी चपेट में आ रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही निगरी पुलिस मौके पर पहुंची और जेपी कंपनी की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने समय पर फायर ब्रिगेड पहुंचने से आग को आसपास की दुकानों और भवनों तक फैलने से रोकने के लिए राहत की बात कही है।













