बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

टेलिस्कोप से विद्यार्थियों ने देखा बृहस्पति-शुक्र का अद्भुत मिलन, खगोलीय घटना ने बढ़ाई विज्ञान में रुचि

 

सिंगरौली। जिले में हाल ही में उपलब्ध कराई गई दूरदर्शी टेलिस्कोप के माध्यम से विद्यार्थियों को दुर्लभ खगोलीय घटनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल शाहपुर तथा अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय वैढ़न में सायंकालीन आकाश का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सौरमंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति और शाम के तारे के रूप में प्रसिद्ध शुक्र ग्रह के अद्भुत मिलन को टेलिस्कोप से देखा।

विज्ञान शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को बताया कि शुक्र और बृहस्पति ग्रह का ऐसा निकट दिखाई देने वाला खगोलीय मिलन कभी-कभी ही देखने को मिलता है। उन्होंने समझाया कि सभी ग्रह सूर्य की परिक्रमा करते हुए कभी-कभी पृथ्वी से देखने पर एक सीध में नजर आते हैं, जिसे ग्रहों का मिलन कहा जाता है। यह खगोलीय घटना 8 और 9 जून 2026 को सायंकालीन आकाश में दिखाई दी।

टेलिस्कोप प्रभारी व्याख्याता विद्युत माझी ने विद्यार्थियों को दूरदर्शी यंत्र की कार्यप्रणाली समझाते हुए ग्रहों का अवलोकन कराया। विद्यार्थियों ने बृहस्पति ग्रह की रंगीन पट्टियों के साथ उसके चार प्रमुख उपग्रह—गेनिमेड, कैलिस्टो, आयो और यूरोपा—को भी देखा। ग्रहों और उनके उपग्रहों का प्रत्यक्ष दर्शन कर छात्र-छात्राएं बेहद उत्साहित नजर आए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला विज्ञान अधिकारी जितेंद्र कौर, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य पारसनाथ दुबे तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वैढ़न के प्राचार्य अशोक मिश्रा का विशेष सहयोग रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान एवं खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button