नियमों की अनदेखी: जबलपुर के होटल ‘रिलैक्स इन’ में गंभीर कमियाँ, प्रशासन ने कराई तालाबंदी

जबलपुर: शहर में जन-सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और भवन उपयोग के नियमों का पालन कराने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में धन्वन्तरि नगर स्थित होटल रिलैक्स इन का औचक निरीक्षण किया गया, जहाँ सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही मिलने पर प्रशासन ने होटल का संचालन बंद करवाकर वहाँ तालाबंदी करा दी है।
तहसीलदार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, अग्निशमन अधिकारी और भवन शाखा के इंजीनियरों की संयुक्त टीम ने जाँच में पाया कि होटल का संचालन बेसमेंट में किया जा रहा था। आपातकालीन स्थिति में धुएँ के भराव, कम वेंटिलेशन और सीमित निकासी के कारण इसे जीवन-सुरक्षा के लिए बेहद जोखिमपूर्ण माना गया।
निरीक्षण में मिलीं ये बड़ी खामियाँ:
असुरक्षित बेसमेंट: वेंटिलेशन की कमी और आपातकालीन निकासी के संकरे मार्ग।
विद्युत लापरवाही: कई स्थानों पर खुले और ढीले तार (लूज वायर), जिससे शॉर्ट-सर्किट का बड़ा खतरा था।
अवैध निर्माण: मौके पर भवन का स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया।
अग्निशमन व्यवस्था शून्य: ज्वलनशील सामग्रियों का असुरक्षित भंडारण था और अग्नि सुरक्षा के जरूरी संसाधन गायब थे।
गंभीर कमियों को देखते हुए अधिकारियों ने होटल संचालक को सख्त हिदायत दी है कि जब तक सभी सुरक्षा व्यवस्थाएँ दुरुस्त कर सक्षम स्तर से प्रमाणीकरण (सर्टिफिकेशन) प्राप्त नहीं कर लिया जाता, तब तक संचालन स्थगित रहेगा। इसके बाद संचालक की सहमति से होटल में ताला लगा दिया गया।













