नीट यूजी 2026: 21 जून की पुनर्परीक्षा के नियमों में बड़ा बदलाव, एनटीए ने दी छात्रों को राहत

नई दिल्ली: आगामी 21 जून को होने वाली नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने छात्रों के हित में कई महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। परीक्षा को अधिक सहज और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए इस बार समय अवधि और रफ वर्क की व्यवस्था में सुधार किए गए हैं।अब परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक (कुल 195 मिनट) आयोजित होगी। इसमें परीक्षा शुरू होने और समाप्त होने की औपचारिकताएं भी शामिल हैं, ताकि हस्ताक्षर और अन्य प्रक्रियाओं के कारण छात्रों का वास्तविक लेखन समय प्रभावित न हो।
रफ वर्क के पन्ने हुए दोगुने, Left-Handers का रखा ध्यान:
दोगुने पृष्ठ: प्रश्न पुस्तिका में रफ कार्य के लिए पृष्ठों की संख्या 2 से बढ़ाकर 4 कर दी गई है।
बाएं हाथ के छात्रों को सुविधा: देश के लगभग 10% बाएं हाथ से लिखने वाले (Left-Hander) अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अब 2 रफ पृष्ठ पुस्तिका की शुरुआत में (निर्देशों के तुरंत बाद) और 2 पृष्ठ अंत में दिए जाएंगे। यह व्यवस्था अंग्रेजी सहित सभी क्षेत्रीय भाषाओं की पुस्तिकाओं पर लागू होगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और छात्र-केंद्रित बनाने के लिए ये कदम उठाए गए हैं। परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन और रफ वर्क की समस्या से जूझ रहे लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए यह घोषणा बड़ी राहत लेकर आई है।













