बम की धमकी से हड़कंप: लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने से पहले रोकी गई

लखनऊ: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार, 12 जून को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2111 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विमान को टेकऑफ से ठीक पहले रोक लिया और उसे आइसोलेशन बे में ले जाकर गहन जांच शुरू कर दी।
उड़ान भरने से पहले मिले इस संभावित सुरक्षा खतरे के बाद स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल को तुरंत सक्रिय किया गया। दमकल, बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा बलों ने विमान, यात्रियों और उनके सामान की विस्तृत तलाशी ली।
एयरलाइन का बयान:
इंडिगो के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “12 जून 2026 को लखनऊ-दिल्ली उड़ान में सुरक्षा संबंधी खतरा सामने आया था। तय नियमों के तहत सभी जांच एजेंसियों का सहयोग किया जा रहा है। हमारे लिए यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सर्वोपरि है। जरूरी मंजूरी मिलते ही विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।”
कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए उनके लिए जलपान और समय पर अपडेट की व्यवस्था की है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी के स्रोत और इसकी वास्तविकता की बारीकी से जांच कर रही हैं।













