देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नासिक में बड़ा हादसा: गंगापुर बांध में डूबने से तीन नाबालिग भाइयों समेत 4 की मौत, गांव में मातम

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित प्रसिद्ध गंगापुर बांध क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ पानी में डूबने से तीन नाबालिग चचेरे भाइयों और एक युवती सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सावरगांव निवासी गणेश गोटारणे (16), साहिल गोटारणे (16), निखिल गोटारणे (16) और तलेगांव अंजानेरी निवासी मयूरी जाधव (21) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोटारणे परिवार में गुरुवार को पारंपरिक सामुदायिक दावत ‘धोंड्या-चे जेवन’ का आयोजन था। दोपहर के भोजन के बाद, मयूरी अपने रिश्तेदारों के साथ बांध के स्पिलवे इलाके में घूमने गई थी।

बचाने के चक्कर में डूबे
बांध पर पहुँचकर सभी लोग पानी में उतरे। सतह के नीचे गहरे गड्ढों और गहराई का अंदाजा न होने के कारण एक युवक अचानक डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। चीख-पुकार के बीच एक युवती को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन बाकी चार लोग गहरे पानी में समा गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने सरकारी बचाव दल के पहुँचने से पहले ही नावों की मदद से खोजबीन शुरू की और चारों शवों को बाहर निकाला। शाम को शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बता दें कि गंगापुर बांध एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहाँ रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं।

Author

Related Articles

Back to top button