आंधी में महिला पर गिरा विशाल पेड़, जेसीबी और हाइड्रा की मदद से सुरक्षित निकाला बाहर

सिंगरौली: जिले के राजमिलान क्षेत्र में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। आंधी की वजह से एक महिला के ऊपर आम का विशाल पेड़ गिर गया, जिसके नीचे वह दब गईं। हालांकि, पुलिस और राहत दल की त्वरित कार्रवाई के चलते कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम राजमिलान के पोखरा टोला की रहने वाली मान कुमारी शाह (40) गुरुवार शाम करीब 7 बजे खेत के पास मौजूद थीं। इसी दौरान मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। तभी अचानक एक बड़ा आम का पेड़ जड़ से उखड़कर उनके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। बंधौरा चौकी प्रभारी बी.एल. बंसल पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पेड़ का आकार बहुत विशाल होने के कारण उसे हटाने के लिए दो हाइड्रा और एक जेसीबी मशीन की मदद ली गई। कई घंटों की मेहनत के बाद महिला को सुरक्षित निकाला गया।
रेस्क्यू के तुरंत बाद पीड़ित महिला को एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय बैढ़न के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की स्थिति में अब सुधार हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने समय पर शुरू हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस व प्रशासन की तत्परता की जमकर सराहना की है।













