बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

लंघाडोल पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी की वारदात का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

सिंगरौली। थाना लंघाडोल पुलिस ने चोरी की एक वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए तीन विद्युत मोटर पंप बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिलेभर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लंघाडोल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति ग्राम डोंगरी के नाले के पास झाड़ियों में चोरी का सामान छिपाकर रखे हुए हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए उदित नारायण शर्मा, रामविलास उर्फ कमलेश उपाध्याय तथा बलवन्त सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से सीआरआई कंपनी के तीन विद्युत मोटर पंप बरामद किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में उक्त मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने बरामद मोटर पंपों को जब्त कर लिया है तथा आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के नेटवर्क पर भी प्रभाव पड़ेगा और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

Author

Related Articles

Back to top button