देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बंगाल में सियासी भूचाल: टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के घर पुलिस का छापा, ताला तोड़कर अंदर घुसी टीम, पहुंचीं ममता बनर्जी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति शनिवार तड़के उस वक्त अचानक गरमा गई, जब शालबनी थाना और कोलकाता पुलिस की एक संयुक्त टीम ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट (पटुआपाड़ा) स्थित आवास पर औचक छापेमारी की। देर रात करीब ढाई बजे शुरू हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में पुलिस अधिकारियों ने दरवाजा न खुलने पर आखिरकार घर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। इस दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी।

यह सनसनीखेज कार्रवाई शालबनी के एक स्थानीय टीएमसी नेता की शिकायत पर की गई है। शिकायत में अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (PA) सुमित राय पर चुनाव टिकट दिलाने के नाम पर वित्तीय धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। मोबाइल टावर लोकेशन को ट्रैक करते हुए पुलिस तड़के अभिषेक के घर पहुंची और करीब पांच घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया।

भागी-भागी पहुंचीं ममता बनर्जी:
अपने भतीजे के घर पुलिस कार्रवाई की सूचना मिलते ही पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी भी सुबह-सुबह सीधे अभिषेक के घर पहुंचीं, जिससे सियासी हलचल और तेज हो गई। इस कार्रवाई पर आक्रोश जताते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा, “पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली है। हमारे पास इसकी पूरी रिकॉर्डिंग है। हमने जांच में पूरा सहयोग किया है।”

चौतरफा कानूनी मुकदमों से घिरे अभिषेक
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी इस समय कई कानूनी मामलों में घिरे हुए हैं। फर्जी हस्ताक्षर मामले में गुरुवार को ही सीआईडी (CID) ने उनसे साढ़े पांच घंटे पूछताछ की थी, जिसमें उन्हें रविवार को फिर पेश होना है। इसके अलावा, सोमवार को प्राथमिक भर्ती घोटाले में ईडी (ED) और मंगलवार को एक अन्य मामले में सीआईडी ने उन्हें समन किया है। इन सबके बीच शनिवार तड़के हुई इस औचक छापेमारी ने राज्य के सियासी तापमान को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button