जोरहाट एयरबेस पर वायुसेना का एएन-32 विमान क्रैश, लैंडिंग के दौरान लगी भीषण आग

नई दिल्ली/जोरहाट: असम के जोरहाट एयरबेस पर शनिवार (13 जून) की सुबह भारतीय वायुसेना (IAF) का एक एएन-32 (AN-32) मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब विमान अपनी नियमित उड़ान के बाद एयरबेस पर लैंड कर रहा था। बताया जा रहा है कि विमान लैंडिंग स्ट्रिप पर सही तरीके से लैंड नहीं कर पाया, जिसके बाद एक जोरदार धमाका हुआ और उसमें भीषण आग लग गई।
हादसे के तुरंत बाद एयरबेस पर मौजूद फायर ब्रिगेड और आपातकालीन राहत टीमों ने मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुट गईं। इस दुर्घटना में पायलट के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वायुसेना की ओर से अभी तक किसी के हताहत होने या क्रू मेंबर्स की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वायुसेना ने दिए जांच के आदेश:
घटना के बाद भारतीय वायुसेना ने अपने आधिकारिक बयान में विमान क्रैश होने की पुष्टि की है। वायुसेना ने कहा है कि जोरहाट में एएन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है और विस्तृत जानकारी मिलने पर अपडेट दिया जाएगा। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि एएन-32 श्रेणी का यह विमान एक मालवाहक (टैक्सी) विमान है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से सैन्य आपूर्ति और परिवहन के लिए किया जाता है। इस हादसे के बाद रक्षा गलियारों में चिंता की लहर है।













