देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

चलती ट्रेन में फिल्मी अंदाज में लूट: महिला के सिरहाने से 10 लाख के जेवरातों से भरा पर्स छीनकर कूदा नकाबपोश बदमाश

जबलपुर/कटनी: पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के रीवा-भोपाल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रहे एक परिवार के साथ कटनी स्टेशन के पास सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। ट्रेन के स्लीपर कोच में सो रही एक महिला यात्री के सिर के नीचे रखा जेवर और नगदी से भरा पर्स एक नकाबपोश बदमाश फिल्मी अंदाज में छीनकर चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। पर्स में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, डेकहा (जिला रीवा) निवासी रामदत्त पाठक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ 9 जून को गाड़ी संख्या 22146 (रीवा-भोपाल साप्ताहिक एक्सप्रेस) के कोच नंबर S-5 की बर्थ संख्या 65-68 पर सफर कर रहे थे। रात के समय जब ट्रेन कटनी स्टेशन से खुलकर आउटर पर पहुंची ही थी, तभी चेहरे पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात बदमाश कोच में दाखिल हुआ। उसने सो रही महिला के सिर के नीचे से पर्स झपटा।

चैन पुलिंग भी काम न आई, जबलपुर में दर्ज हुई जीरो पर एफआईआर:
अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित पति ने बदमाश को पकड़ने के लिए शोर मचाया और यात्रियों ने तुरंत चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, लेकिन तब तक शातिर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर चलती ट्रेन से कूदकर आंखों से ओझल हो चुका था। ट्रेन के जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी ने पीड़ित की शिकायत पर ‘जीरो’ पर मामला दर्ज कर केस डायरी कटनी जीआरपी को सौंप दी है।

पर्स में था 10 लाख का माल, जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए पर्स में तीन तोले का सोने का हार, एक-एक तोले के दो मंगलसूत्र, छह सोने की अंगूठियां, कान की बालियां, एक कीमती मोबाइल और नगदी शामिल थी। रेलवे अधिकारियों और जीआरपी में इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस द्वारा स्टेशन और ट्रेन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य हो सकता है जो ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता है।

Author

Related Articles

Back to top button