बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नशामुक्त समाज निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका अहम, गुरुदेव के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान

सिंगरौली। भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा जून माह की द्वितीय रविवार को इंडियन चिल्ड्रन एकेडमी विद्यालय, गनियारी (बैढ़न) में मासिक महाआरती का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बैढ़न, बिलौंजी, माड़ा, राजमिलान सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं माँ भगवती के भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण माँ भगवती के जयकारों, भजनों एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भगवती के विधिवत पूजन-अर्चन एवं सामूहिक महाआरती से हुआ। महाआरती के समय उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर दिखाई दिए। माँ भगवती के जयघोषों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं ने राष्ट्र, समाज तथा समस्त मानवता के सुख, शांति एवं कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूज्य गुरुदेव द्वारा प्रदत्त मानव कल्याण, नैतिकता, आध्यात्मिकता एवं नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति जागरूक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं करेगा, तब तक सामाजिक बुराइयों का पूर्णतः उन्मूलन संभव नहीं है। इसलिए हम सभी को एकजुट होकर समाज जागरण के इस अभियान को आगे बढ़ाना होगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जनकल्याणकारी विचारधारा से जुड़कर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दे सकें।

वक्ताओं ने विशेष रूप से नारी शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में नशा परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव माताओं, बहनों और बच्चों पर पड़ता है। ऐसे में नारी शक्ति को जागरूक होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को नशामुक्त बनाने के लिए आगे आना होगा। यदि महिलाएं संकल्पित होकर सामाजिक चेतना का नेतृत्व करें, तो नशामुक्त और संस्कारित समाज का निर्माण निश्चित रूप से संभव है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी समाज में व्याप्त नशे, नैतिक पतन एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण चलाने तथा पूज्य गुरुदेव के विचारों को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लिया। साथ ही मानव कल्याण, सामाजिक समरसता एवं आध्यात्मिक उत्थान के कार्यों को और अधिक गति देने पर भी बल दिया गया।

अंत में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं माँ भगवती के भक्तों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि आप सभी का निरंतर सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। समाज जागरण एवं मानव कल्याण के इस पावन अभियान में आपका योगदान प्रेरणास्पद है और इसी सामूहिक शक्ति के बल पर एक जागृत, संस्कारित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव होगा।महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा माँ भगवती के भजनों, जयकारों और मानव कल्याण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Author

Related Articles

Back to top button