मल्हार पार्क में लगा वाटर एटीएम बना चोरों के निशाने पर, दरवाजा काटने का प्रयास

सिंगरौली। शहर के मल्हार पार्क में लगाया गया वाटर एटीएम आम लोगों को सुविधा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया था, लेकिन अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। इसी बीच यह व्यवस्था चोरों के निशाने पर भी आ गई है।जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों ने वाटर एटीएम के दरवाजे को काटकर चोरी का प्रयास किया। हालांकि मौके पर किसी व्यक्ति की नजर पड़ने के बाद उन्हें रोका गया, जिससे वे दरवाजा छोड़कर मौके से भाग निकले।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाटर एटीएम के अंदर कॉपर, एल्युमीनियम, लोहे के उपकरण और पाइप सहित अन्य सामग्री लगी हुई है, जिस पर चोरों की नजर हो सकती है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो दोबारा चोरी की घटना हो सकती है।
वहीं स्थानीय नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया कि वाटर एटीएम लगने के बाद भी आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिल सका। गर्मी के मौसम में लोग पीने के पानी के लिए परेशान रहे, जबकि यह सुविधा शुरू नहीं हो पाई। लोगों का कहना है कि यदि ऐसी योजनाओं का समय पर संचालन और रखरखाव सुनिश्चित हो तो जनता को वास्तविक लाभ मिल सकता है।
नागरिकों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा वाटर एटीएम को जल्द चालू कर उसकी सुरक्षा और नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।
वाटर एटीएम मेंटीनेस के नाम पर भंज गए हजारो रुपए जनता तरसती रही सीजन पर एक गिलास पानी के लिए जबसे लगा है वाटर एटीएम आज तक किसी ने पानी पीते हुए नही देखा है इससे अच्छा तो इतना महंगा वाटर एटीएम लगाया ही नही जाना था किसी जरूरत मंद व्यक्ति को यदि मटका रखवाकर उसे तीन महिने के लिए रोजगार दे दिया जाता तो सरकारी पैसे का दुरउपयोग नही हुआ होता वहीं जरूरत मंद लोगो को रोजगार भी मिल जाता।













