ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जिला जेल बैढ़न में कैदियों के लिए योग शिविर आयोजित, माननीय न्यायाधिपति श्री विवेक रुसिया ने किया ऑनलाइन शुभारंभ

​सिंगरौली,/मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय अध्यक्ष महोदय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आज जिला जेल बैढ़न में कैदियों हेतु एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का गरिमामय शुभारंभ मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के माननीय कार्यपालक मुख्य न्यायाधिपति श्री विवेक रुसिया द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश श्री खालिद मोहतरम अहमद द्वारा योग के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कैदियों से सदा स्वस्थ बने रहने के लिए अपने दैनिक जीवनचर्या में नियमित रूप से योग को शामिल करने की अपील की।

​शिविर के दौरान उपस्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिवचरण पटेल ने बताया कि जेलों में नियमित योग और ध्यान करने से कैदियों के हिंसक स्वभाव में कमी आती है तथा उनका तनाव और मानसिक अवसाद दूर होता है। योग उन्हें आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक सोच के जरिए एक बेहतर इंसान बनने और अपराध का रास्ता छोड़ने में मदद करता है। इसके साथ ही इससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। कार्यक्रम में उपस्थित बंदियों को बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आर.डी. पाण्डेय द्वारा विभिन्न प्रकार के योग, आसनों, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार की जानकारी देते हुए उनका व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

​इस योग शिविर कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री खालिद मोहतरम अहमद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) श्री शिवचरण पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली के सचिव श्री मनोरम तिवारी, जेल अधीक्षक श्री एल.के. त्रिपाठी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आर.डी. पाण्डेय, डिफेंस काउंसिल के अधिवक्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिंगरौली के कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में जेल बंदी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button