सिम्प्लेक्स बस्ती में भाजपा जिलाध्यक्ष ने बस्ती की बहनों के साथ मनाया रक्षाबंधन, दिया सामाजिक समरसता का संदेश

सिंगरौली -रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सिम्प्लेक्स बस्ती में भाई-बहन के अटूट प्रेम और सामाजिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली के जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने स्थानीय बहनों के बीच पहुंचकर आत्मीयता और स्नेह के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह सहित सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। वहीं नेताओं ने बहनों को सुरक्षा व सम्मान का संकल्प देते हुए उपहार भेंट किए।
नारी सम्मान व सुरक्षा हमारा दायित्व: सुंदर लाल शाह
इस अवसर पर बहनों को उपहार स्वरूप भेंट प्रदान करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह ने कहा रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का ऐसा पावन पर्व है जो भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प को सुदृढ़ करता है। हमारी संस्कृति में नारी का सम्मान सर्वोपरि है। बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।” उन्होंने सभी जिलावासियों को पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मौजूद भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट विश्वास का प्रतीक है और यह पर्व हमें बहनों के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देता है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती ऋचा सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का प्रतीक है, और समाज में महिलाओं को सम्मानजनक व सुरक्षित वातावरण दिलाना ही इस पावन पर्व का वास्तविक संकल्प होना चाहिए।
इस दौरान मंडल जयंत की पूर्व उपाध्यक्ष श्रीमती रीता सोनी, भाजयुमो नेता अर्जुन शाह सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय बहनें उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में अपनत्व, उल्लास और सामाजिक समरसता का माहौल बना रहा।











