मीडिया में खबर चलने के बाद दर्ज की चोरी की रिपोर्ट, 11 दिन से कार्रवाई का इंतजार कर रहा था पीड़ित परिवार

सिंगरौली। खुटार पुलिस चौकी क्षेत्र में 17 अगस्त 2026 की रात हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने करीब 11 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से लगातार चौकी और थाने के चक्कर लगाने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। मामले को लेकर खबर सामने आने के बाद पुलिस ने अब प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पीड़ित परिवार को अब चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जगी है।
पीड़ित विष्णु प्रसाद शाह ने खुटार पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर बताया कि 17 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और करीब 1 लाख 10 हजार रुपये नकद, 5 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण, 4 किलो घी, 10 सेट नई साड़ियां सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया।
शिकायत में पीड़ित ने आशंका जताई है कि घर की गतिविधियों की जानकारी रखने वाले किसी व्यक्ति ने योजनाबद्ध तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। परिवार ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि 11 दिनों तक कार्रवाई का इंतजार करने के बाद अब रिपोर्ट दर्ज हुई है, जिससे उन्हें न्याय की उम्मीद बंधी है। परिवार का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से चोरी के आरोपियों तक पहुंचने और सामान बरामद करने में मदद मिल सकती है।
वहीं, रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और लाखों रुपये की चोरी की इस वारदात का खुलासा कब तक हो पाता है।











