ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बंधा, उज्जैनी और मझौली के विस्थापितों की समस्याओं पर अपर कलेक्टर ने की बैठक

विस्थापन, रोजगार, वेतन-भत्ता और निशुल्क उपचार के मुद्दे उठे, सात दिवस में निराकरण का आश्वासन

 

सिंगरौली। बरगवां तहसील क्षेत्र के बंधा, उज्जैनी एवं मझौली गांवों के कंपनी से प्रभावित एवं विस्थापित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को संयुक्त तहसील भवन बरगवां में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी ने जनप्रतिनिधियों, प्रभावित ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के साथ विस्थापन, रोजगार सहित अन्य लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान प्रभावित ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जयप्रकाश पावर वेंचर्स प्लांट से जुड़े कुछ मजदूरों को कंपनी द्वारा बिना पूर्व सूचना के नौकरी से हटा दिया गया है। इसके साथ ही वेतन एवं भत्ता बंद किए जाने तथा पूर्व में कंपनी द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क उपचार सुविधा बंद किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

 

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कंपनी से प्रभावित और विस्थापित परिवारों के सामने रोजगार, आर्थिक सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की।

 

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों के बीच ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी ने प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का परीक्षण कर सात दिवस के भीतर निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में देवसर एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी, कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री वंशमणि प्रसाद वर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष देवेंद्र दरोगा पाठक, जिला महामंत्री सिंगरौली ग्रामीण उपेंद्र द्विवेदी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विपिन तिवारी सहित कंपनी के अधिकारी, क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button