डॉ. स्वाति सिंह चंदेल के मुख्य आतिथ्य में कोरसर हाई स्कूल के विद्यार्थियों को मिली साइकिलें व पुस्तकें

सिंगरौली जिले के चितरंगी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर स्थित शासकीय हाई स्कूल कोरसर में मंगलवार, 16 जून 2026 को छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल एवं पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोरसर की सरपंच डॉ. स्वाति सिंह चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके करकमलों से कक्षा 6वीं एवं 9वीं के छात्र-छात्राओं को शासन की योजना के तहत साइकिलों का वितरण किया गया। साथ ही कक्षा 1 से 10वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. स्वाति सिंह चंदेल ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी पढ़ाई में आने वाली बाधाओं को दूर करना है।
विद्यालय के प्राचार्य राम विशाल मोर्तिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि साइकिल वितरण से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं समय पर पुस्तकें मिलने से बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों को गति मिलेगी।कार्यक्रम में शिक्षक अंकित पाल, शिक्षिका प्रीति पुआल सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।साइकिल एवं पुस्तकें प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।













