ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

48 पंचायत सचिवों के तबादले, जिला पंचायत सीईओ ने जारी किए आदेश

पंचायतों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश

सिंगरौली। जिले की ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जगदीश गोमे ने 48 पंचायत सचिवों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। प्रशासकीय आधार पर किए गए इस व्यापक फेरबदल के तहत सचिवों को नई पंचायतों में पदस्थ किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार सभी पंचायत सचिवों को अपनी वर्तमान पंचायतों का प्रभार संबंधित रोजगार सहायकों को सौंपकर तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। स्थानांतरण अवधि के दौरान किसी भी सचिव को अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा तथा स्थानांतरण भत्ते का भी भुगतान नहीं होगा।

चितरंगी जनपद में सबसे ज्यादा बदलाव
जनपद पंचायत चितरंगी में बड़ी संख्या में पंचायत सचिवों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। सुरेंद्र सिंह को पड़री खुर्द से दार, धर्मजीत सिंह बैस को दार से पड़री खुर्द, शेषमणि कोल को बीछी से नेवारी तथा आत्माराम साकेत को पोड़ी-3 से झरकटिया भेजा गया है। इसके अलावा गोरबी, पतेरी, बैरिहवा, खैरा, पोखरा, खम्हारडीह, माचीकला, बड़कुड़, शेरवा, मटिहनी, चितरंगी और बगदरा कला सहित कई पंचायतों में सचिवों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं।

देवसर जनपद में भी व्यापक तबादले
जनपद पंचायत देवसर में रामकिशोर द्विवेदी को डोंढ़की से पिपरखड़, अजीत कुमार शुक्ला को बंजारी से रजनिया, शिवकुमार शुक्ला को गड़ईगांव से नौडिहवा तथा शंकर दयाल मिश्रा को झाखरावल से कुसेड़ी पदस्थ किया गया है। वहीं प्रदीप तिवारी को जोबगढ़ से आजादपुर भेजा गया है। इसके अलावा बकहुल, खैड़ार, पुरैल, कटई, पोखरी टोला, मजौना, भरसेड़ी, बेलगांव और झारा सहित कई पंचायतों में सचिवों के स्थानांतरण किए गए हैं।

बैढ़न जनपद में भी बदली जिम्मेदारियां
जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत बृजेंद्र प्रसाद जायसवाल को धनहरा से सासन, भोला नाथ जायसवाल को गोभा से चरगोड़ा तथा रामानुग्रह बैस को चरगोड़ा से गोभा भेजा गया है। रमाशयन शाह को बसौड़ा से झांझी टोला और प्रदीप पाण्डेय को ओखरावल से देवरी में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा कई अन्य पंचायत सचिवों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने का प्रयास
जिला पंचायत द्वारा किए गए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को पंचायतों में विकास कार्यों की निगरानी, प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला पंचायत प्रशासन ने सभी संबंधित पंचायत सचिवों को निर्धारित समय सीमा में नई पदस्थापना पर उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button