सीमांकन को अतिक्रमण कार्रवाई बताना भ्रामक, राजस्व टीम केवल न्यायालयीन आदेश का कर रही थी पालन
नायब तहसीलदार ने दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर का किया खंडन, बुलडोजर और वन भूमि संबंधी दावों को बताया निराधार
सिंगरौली। ग्राम गजराबहरा में हुई राजस्व कार्रवाई को लेकर दैनिक भास्कर सिंगरौली में प्रकाशित “अतिक्रमण हटाने के विरोध में जान देने पेड़ पर चढ़ा युवक” शीर्षक समाचार पर प्रशासन ने आपत्ति जताई है। नायब तहसीलदार वृत्त खनुआ, तहसील सरई ने जारी स्पष्टीकरण में खबर को भ्रामक एवं तथ्यहीन बताया है।
नायब तहसीलदार के अनुसार मौके पर किसी प्रकार की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही थी। राजस्व अमला न्यायालयीन आदेश के अनुपालन में ग्राम गजराबहरा स्थित खसरा नंबर 452/1/1/2 की निजी भूमि का सीमांकन करने पहुंचा था। संबंधित भूमि निजी स्वामित्व की है तथा उसका विधिवत नामांतरण भी हो चुका है।
प्रशासन के मुताबिक पूर्व में सीमांकन कार्य का विरोध होने के कारण इस बार चार सदस्यीय राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। सीमांकन की प्रक्रिया के दौरान मान सिंह गोंड नामक व्यक्ति पेड़ पर चढ़ गया और विरोध प्रदर्शन करने लगा। स्थिति की संवेदनशीलता एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए राजस्व अधिकारियों ने सीमांकन की कार्रवाई तत्काल रोक दी।
नायब तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि समाचार में प्रकाशित बुलडोजर चलाने तथा वन भूमि पर कार्रवाई किए जाने संबंधी तथ्यों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्व अमला केवल न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सीमांकन की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने गया था।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि तथ्यों की पुष्टि के बिना भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।













