बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग, हर आयु वर्ग अपनाए योग : पीएम मोदी

कोलकाता, 21 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि योग व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और वैश्विक सद्भाव को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में लोग संतुलन बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि योग हमें शरीर, मन और व्यवहार में संतुलन स्थापित करना सिखाता है।
प्रधानमंत्री ने भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि कार्य, भोजन और नींद में संतुलन जीवन के दुखों को दूर करने की कुंजी है। योग इसी संतुलन को प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग हमें यह समझने में मदद करता है कि क्या करना चाहिए और क्या नहीं, जिससे मानसिक शांति और स्वस्थ जीवन संभव होता है।
इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग” का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि योग वृद्धावस्था में भी सक्रियता, ऊर्जा और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायक है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि बढ़ती उम्र के साथ हमारी क्षमताएं कम होने के बजाय और अधिक सशक्त हों।
प्रधानमंत्री ने कहा कि योग आज विश्व का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन चुका है, जो विभिन्न देशों और संस्कृतियों के लोगों को जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने का आग्रह किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।













