सड़क दुर्घटना में घायल जयप्रकाश मिश्रा ‘लोलर’ का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

सिंगरौली। सिंगरौली नगर निगम एवं सिंगरौली विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष तथा वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेन्द्र मिश्रा के छोटे भाई जयप्रकाश मिश्रा ‘लोलर’ का गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व जयप्रकाश मिश्रा एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की लगातार निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
जयप्रकाश मिश्रा ‘लोलर’ अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सक्रियता के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजन, मित्रों, शुभचिंतकों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त हो गया। अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
शोक संदेशों में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।













