केतन हत्याकांड: सात लोगों के बयान दर्ज, क्राइम सीन रीक्रिएट करेगी पुलिस

पुणे। चर्चित केतन हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस ने अब तक इस मामले में सात लोगों के बयान दर्ज किए हैं। वहीं, आरोपी चेतन की दुकान में काम करने वाले नीरज से 24 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई, लेकिन अब तक जांच में उसकी हत्या की साजिश में प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नीरज ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन चेतन ने उसका मोबाइल फोन इस्तेमाल किया था, लेकिन उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि केतन की हत्या की साजिश रची जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि नीरज इस मामले में एक महत्वपूर्ण गवाह साबित हो सकता है।
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस अब लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। इस दौरान पुलिस यह समझने का प्रयास करेगी कि आरोपी सिया और चेतन ने कथित रूप से पूरी वारदात को कैसे अंजाम दिया। डमी बॉडी की मदद से घटना के क्रम, धक्का दिए जाने की स्थिति और शव के खाई में गिरने की दिशा व दूरी का परीक्षण किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है और अब तक मिले अधिकांश साक्ष्य परिस्थितिजन्य हैं। ऐसे में जांच टीम घटना से पहले और बाद की प्रत्येक गतिविधि का बारीकी से विश्लेषण कर रही है, ताकि सभी साक्ष्यों को जोड़कर मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।













