SAFE CLICK-2026 अभियान: तीसरे दिन बैंकिंग एवं वित्तीय सुरक्षा पर रहा विशेष फोकस
बाइक रैली और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सिंगरौली पुलिस ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के तीसरे दिन जिलेभर में बैंकिंग एवं वित्तीय सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं सहित विभिन्न साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के प्रभावी उपाय बताए गए।
इसी क्रम में थाना मोरवा पुलिस ने साइबर जागरूकता बाइक रैली निकालकर लोगों को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। रैली थाना परिसर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल की जानकारी देते हुए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।
वहीं थाना बैढ़न द्वारा आयशा मस्जिद परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया ठगी, फर्जी निवेश योजनाओं एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
सिंगरौली पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत आगामी दिनों में बैंक, एटीएम, सीएससी सेंटर, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सिंगरौली पुलिस की अपील है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। “सतर्क क्लिक – सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ पुलिस ने कहा कि साइबर जागरूकता ही डिजिटल सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल है।












