बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए अदाणी फाउंडेशन ने शुरू किया निःशुल्क इवनिंग एजुकेशन सेंटर

कक्षा 9वीं-10वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन

सिंगरौली। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के जन्मदिवस के अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल करते हुए सुहिरा शासकीय हाई स्कूल में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क अदाणी इवनिंग एजुकेशन सेंटर का शुभारंभ किया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विषयवार मार्गदर्शन तथा बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अदाणी फाउंडेशन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और उन्हें प्रतिस्पर्धी शिक्षा के लिए तैयार करना है। केंद्र में नियमित कक्षाओं के साथ अनुभवी शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।फाउंडेशन द्वारा संचालित करसुआराजा स्थित इवनिंग एजुकेशन सेंटर के परिणाम पहले ही उत्साहजनक रहे हैं। इसी केंद्र के छात्र अवनीश नाई ने इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कई अन्य विद्यार्थियों ने भी उल्लेखनीय सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

नवस्थापित इवनिंग एजुकेशन सेंटर का उद्घाटन सुहिरा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि नारायण दास ने विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार शाह की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता अर्जित करने के लिए प्रेरित किया गया।

अदाणी फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों में वृद्धि होगी, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को भी नई दिशा मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button