देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिल्ली में लापता बच्चों के मामलों में बढ़ोतरी की अफवाह गलत, पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में लापता बच्चों के मामलों में अचानक बढ़ोतरी होने की खबरों को अफवाह बताया है। पुलिस ने कहा है कि डेटा को गलत तरीके से पेश कर डर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि राजधानी में बच्चों के लापता होने के मामले तेजी से बढ़े हैं, लेकिन आधिकारिक आंकड़ों से ऐसा कोई संकेत नहीं मिलता। पुलिस का कहना है कि पिछले करीब दस वर्षों से ऐसे मामलों में कोई असामान्य वृद्धि नहीं हुई है।

पुलिस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि इस तरह के दावों को बढ़ावा देने के पीछे कुछ लोगों का आर्थिक फायदा लेने का उद्देश्य हो सकता है। पुलिस ने कहा कि लड़कियों के अचानक गायब होने की बढ़ोतरी को लेकर बनाई जा रही हाइप को पैसे देकर प्रमोट किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे पहले गुरुवार को भी दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की थी कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गलत तरीके से पेश किए जा रहे आंकड़ों से डरें नहीं।

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह 24 घंटे सतर्क रहते हुए हर लापता या अपहृत बच्चे की तलाश कर उन्हें सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध जानकारी या घटना की तुरंत सूचना पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।

Author

Related Articles

Back to top button