ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित गांवों में पहुंचे जनपद अध्यक्ष प्रणव पाठक, नुकसान का लिया जायजा

आकाशीय बिजली से पशुहानि के मामलों का शीघ्र सर्वे कराने के निर्देश, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा

सिंगरौली/ जनपद पंचायत देवसर के अध्यक्ष प्रणव पाठक ने 27 जून को ग्राम पंचायत अतरवा, चरकी एवं खधौली का दौरा कर बीती रात आई भीषण आंधी-तूफान और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर हालात का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
भ्रमण के दौरान जनपद अध्यक्ष ने स्थानीय सरपंचों एवं पंचायत सचिवों से चर्चा कर आपदा से हुई क्षति और प्रभावित परिवारों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गाय, बैल एवं बकरी की मृत्यु के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद पटवारी एवं पशु चिकित्सक को तत्काल सर्वे कर आवश्यक राजस्व एवं राहत संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रणव पाठक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं। शासन की राहत योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से राहत एवं सहायता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी जनपद अध्यक्ष को गांवों में हुए नुकसान से अवगत कराया। जनपद अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि सभी प्रभावित परिवारों के नुकसान का नियमानुसार आकलन कर शासन की ओर से मिलने वाली सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्राकृतिक आपदा के बाद जनप्रतिनिधियों की इस त्वरित पहल को ग्रामीणों ने संवेदनशील और सराहनीय कदम बताया।

Author

Related Articles

Back to top button