देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

धर्म की आड़ में फर्जी इलाज के आरोप पर छापा, संदिग्ध प्रमाणपत्र और सामग्री जब्त, जांच जारी

 

तिरुवनंतपुरम। केरल में धर्म की आड़ में कथित फर्जी इलाज और काला जादू किए जाने की शिकायत पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक मकान पर छापेमारी की। कई घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न सामग्रियां और एक संदिग्ध प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जब्त किया। हालांकि प्रारंभिक जांच में फर्जी इलाज या काला जादू के आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई चेरकला निवासी शिहाबुद्दीन फैजी के घर पर मुख्यमंत्री को भेजी गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान शहद, पानी, कई बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की गई। मकान में लगा एक सप्ताह के वेलनेस प्रशिक्षण का कथित फर्जी प्रमाणपत्र भी जांच के दायरे में लिया गया है।

पूछताछ में शिहाबुद्दीन फैजी ने कहा कि वह किसी प्रकार का चिकित्सीय उपचार नहीं करते, बल्कि केवल लोगों को प्रार्थना पढ़कर पानी देते हैं। उन्होंने फर्जी इलाज और काला जादू के आरोपों से इनकार किया।

पुलिस ने जांच के लिए मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज भी कब्जे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त सामग्री, दस्तावेजों और वीडियो फुटेज की जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।

Author

Related Articles

Back to top button