देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

‘छात्रों की गूंज’ अभियान को राहुल गांधी का समर्थन, कांग्रेस नेताओं से युवाओं की आवाज बुलंद करने की अपील

 

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी के देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को पूरी ताकत से सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश एवं जिला कांग्रेस समितियों, विभाग प्रमुखों और संगठनात्मक इकाइयों को पत्र लिखकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और युवाओं की समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

राहुल गांधी ने कहा कि यह केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, बार-बार पुनर्परीक्षाओं, बढ़ती बेरोजगारी, सरकारी विभागों में रिक्त पदों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और शिक्षा की बढ़ती लागत ने युवाओं को गंभीर संकट में डाल दिया है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं से गांव, कस्बों और शहरों तक पहुंचकर छात्रों और युवाओं के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं को ऐसी व्यवस्था की आवश्यकता है, जो उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के बेहतर अवसर और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराए।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने 25 जून से देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है। पार्टी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को मजबूत करना और छात्रों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बनाना है। कांग्रेस ने इस अभियान के तहत केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button