बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

20 दिन में उखड़ी 10 लाख की पीसीसी सड़क, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल

 

सिंगरौली। जिले के चितरंगी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत ओड़नी की रेहड़ा आदिवासी बस्ती में हाल ही में निर्मित पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 10 लाख रुपये की लागत से बनी 288 मीटर लंबी सड़क निर्माण के महज 20 दिन बाद ही कई स्थानों से उखड़ने लगी है। सड़क की ऊपरी परत निकलने से ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के कुछ ही दिनों बाद उसकी सीमेंट की परत उखड़ने लगी, जिससे निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और गुणवत्ता में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने उखड़ी हुई सड़क का वीडियो बनाकर संबंधित अधिकारियों को भेजने की बात कही है तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम पंचायत ओड़नी के सरपंच अमरनाथ प्रजापति ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व 10 लाख रुपये की लागत से 288 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। इस सड़क से रेहड़ा आदिवासी बस्ती के करीब 400 लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन सड़क की वर्तमान स्थिति चिंता का विषय बन गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की जानकारी देने के लिए संबंधित उपयंत्री (सब इंजीनियर) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कॉल समाप्त कर दी।

वहीं, जनपद पंचायत चितरंगी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मानसिंह ने बताया कि सड़क निर्माण की जानकारी उन्हें है, लेकिन सड़क उखड़ने की सूचना पहले नहीं मिली थी। उन्होंने ग्रामीणों से वीडियो भेजने को कहा है और आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button