बिना अभिवहन पास गिट्टी-डस्ट का परिवहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को खनिज विभाग ने बिना अभिवहन पास गिट्टी-डस्ट का परिवहन करते पाए जाने पर एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया।
कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा ने वाहन की जांच की। जांच के दौरान चालक निर्धारित अभिवहन पास प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया।
खनिज विभाग ने जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षार्थ कोतवाली वैढ़न थाना परिसर में खड़ा कराया है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वाहन के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













